मुख्यमंत्री साय ने हाथ में तिरंगा थामकर किया भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व

रायपुर। राजधानी रायपुर सोमवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाथ में तिरंगा थामकर हजारों नागरिकों के साथ यात्रा में कदम से कदम मिलाया। युवाओं, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा थामा गया करीब एक किलोमीटर लंबा तिरंगा यात्रा का विशेष आकर्षण रहा। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और झंडा ऊंचा रहे हमारा जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और घरों व प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान जताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ भारत की एकता, अखंडता और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष की वजह से आज देशवासी स्वतंत्रता का अनुभव कर रहे हैं। नई पीढ़ी को आजादी के महत्व और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की शौर्यगाथा से परिचित कराना जरूरी है।

 

छत्तीसगढ़ के वीरों को किया याद

 

मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर के जननायक गुण्डाधुर को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन महानायकों का साहस और संघर्ष आज भी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा है।

 

बदलते बस्तर में अब विकास का तिरंगा

 

सीएम साय ने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सुरक्षा बलों के साहस और क्षेत्रवासियों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है। अब बस्तर की पहचान हिंसा से नहीं, बल्कि शांति, विकास और नई संभावनाओं से बन रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बस्तर में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया जाएगा और गांवों से लेकर दूरस्थ अंचलों तक तिरंगा लहराएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान ने राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया है। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति बताते हुए प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

यात्रा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी रजवाड़े, ओपी चौधरी, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है