नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। हिमालयी क्षेत्र, मध्य भारत, पूर्वी राज्यों और दक्षिणी तटवर्ती इलाकों में बारिश तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में अगस्त की सामान्य बारिश का आंकड़ा शुरुआती आठ दिनों में ही पार हो गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में अगले पांच दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 11 और 12 अगस्त को तेज बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश के मंडला और डिंडोरी में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश का अनुमान है। ओडिशा के जाजपुर और केंद्रपाड़ा में बारिश के बीच दो लोगों के बहने की सूचना है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहेगा और असम-मेघालय में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिमी तट पर कोंकण-गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून द्रोणिका के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






