रायपुर, 13 अगस्त 2026 / महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवनंदनपुर (विश्रामपुर) में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं। इसके बाद उन्होंने विकासखंड भैयाथान के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दर्रीपारा में भी बालिकाओं को साइकिलें वितरित कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरस्वती साइकिल योजना उनके लिए सुविधा और आत्मविश्वास दोनों का माध्यम बनेगी। इससे छात्राओं के समय की बचत होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे उच्च शिक्षा की ओर अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ सकेंगी।उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार, गांव तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी भी बेटी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम में छात्राओं और अभिभावकों ने योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बालिका शिक्षा के लिए उपयोगी पहल बताया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है





