अकलतरा। जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) की पात्रता सूची में हुए ‘Fact Change’ को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष और दस्तावेज आधारित जांच की मांग की है। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी गई है।
जानकारी के अनुसार 18 अगस्त 2026 की ग्रामसभा कार्यवाही क्रमांक CH-3314005049 में कुल 531 लाभार्थियों का उल्लेख है। वहीं 13 हितग्राहियों के संबंध में ‘Fact Change’ दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ हितग्राहियों के पुराने सर्वे रिकॉर्ड और वर्तमान रिकॉर्ड में बदलाव दिखाई दे रहे हैं, जिससे पात्रता और अपात्रता निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


शिकायत में मांग की गई है कि Fact Change किस आधार पर किया गया, किस अधिकारी या कर्मचारी ने किया, कब किया और इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज या सत्यापन प्रक्रिया अपनाई गई, इसकी जांच की जाए। साथ ही संबंधित सरकारी रिकॉर्ड से तथ्यों का मिलान कराने की मांग भी की गई है।
समान परिस्थिति में अलग-अलग मापदंड क्यों?
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की PMAY-G सूची में शामिल अन्य हितग्राहियों की पात्रता की भी समान मापदंडों पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समान परिस्थितियों वाले लोगों में किसी को पात्र और किसी को अपात्र माना गया है, तो इसके पीछे के आधार की भी जांच होनी चाहिए।
शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक पात्र हितग्राहियों के साथ न्याय किया जाए और यदि जांच में किसी प्रकार की त्रुटि, मनमानी या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच के निष्कर्ष और की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।






