गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, गांव-गांव तक पहुंचेगा सामाजिक समरसता का संदेश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

राजधानी से जनता तक/सुकमा – संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। सुकमा भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला जनआंदोलन बताया।

धनीराम बारसे ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवनभर समानता, भाईचारे, आत्मसम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर “समरसता दीप महोत्सव” से होगी। इसके तहत मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 29 जुलाई से 10 सितंबर तक “कलश वंदन अभियान” के माध्यम से गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश विभिन्न राज्यों, जिलों, मंडलों और गांवों तक पहुंचाए जाएंगे।

अभियान के दौरान संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क, समरसता संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरण अभियान भी चलाए जाएंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों, संत-महात्माओं, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करने में गुरु रविदास महाराज के विचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिला महामंत्री विश्वराज सिंह चौहान, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष नक्का आनंद, जिला उपाध्यक्ष दिलीप पेद्दी, नगर पालिका अध्यक्ष हंगाराम मरकाम, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत बारठ, एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कुलदीप, जनपद सदस्य आयता मांडवी, जिला मीडिया प्रभारी रमेश यादव, जिला संयोजक रमेश कर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभियान की रूपरेखा और जिले में इसके प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज