स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास कार्यों पर कलेक्टर सख्त: 14 अप्रैल से जिलेभर में 1300 स्वास्थ्य शिविर

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा, 07 अप्रैल 2026। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और विभिन्न विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
14 अप्रैल से स्वास्थ्य शिविरों का महाअभियान
कलेक्टर ने बताया कि 14 अप्रैल से 13 मई तक जिलेभर में लगभग 1300 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक की शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविरों के सफल संचालन हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाएं, व्यापक प्रचार-प्रसार करें और मौसम के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक हितग्राही का ई-केवाईसी पूर्ण कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर फोकस
जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गायनाकोलॉजिस्ट और सर्जन के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित कर आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं।
शिक्षा और पहचान योजनाओं की समीक्षा
बैठक में आधार कार्ड और अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही छत्तीसगढ़ मिशन कर्मयोगी और कर्मयोगी भारत कार्यशाला के तहत सभी कर्मचारियों का ऑनबोर्डिंग 30 अप्रैल तक पूर्ण करने को कहा गया। ईएचआरएमएस और आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले में प्रस्तावित साइंस पार्क और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने को कहा। जगरगुंडा में कन्या आश्रम, बालक आश्रम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत कैफे के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
योजनाओं की प्रगति पर कड़ी नजर
स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों, आश्रमों और छात्रावासों में आवश्यकतानुसार हैंडपंप चिन्हांकन कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
नगर पालिका पर नाराजगी
नगर पालिका परिषद सुकमा में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यों में तेजी लाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न करें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत मुकुंद ठाकुर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के सख्त निर्देशों के साथ अब सुकमा में स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज