रायपुर। राजधानी के महर्षि वाल्मिकी वार्ड क्रमांक 32 अंतर्गत अवंति विहार कॉलोनी में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया। वासुदेव केयर हॉस्पिटल के सामने नई सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन गुरुवार को रायपुर नगर निगम लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा के साथ किया।
महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम में श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने मौके पर उपस्थित जोन 9 के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधोसंरचना मद अंतर्गत स्वीकृत इस विकास कार्य को तत्काल प्रारंभ कर तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाए। उन्होंने जोन 9 कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैय्यद जोहेब तथा उपअभियंता अंकिता जनार्दन को सतत मॉनिटरिंग करते हुए कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय रहवासियों से भी अपील की कि सीसी रोड निर्माण के दौरान उस पर वाहन न चलाएं, ताकि मजबूत और टिकाऊ सड़क का निर्माण सुनिश्चित हो सके तथा जनसुविधा का लाभ लंबे समय तक मिल सके।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह ठाकुर सहित क्षेत्र के गणमान्यजन, सामाजिक कार्यकर्ता, नवयुवक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा ने अवंति विहार क्षेत्र में नई सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्डवासियों की ओर से लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




