आमगांव घाट में जनसमस्या निवारण शिविर बना ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच

 

शिविर में 943 आवेदन प्राप्त, 44 हितग्राही लाभान्वित

विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण, शिविर में विशेष गतिविधियों का आयोजन

खैरागढ़, । राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत छुईखदान विकासखंड के ग्राम आमगांव घाट में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 943 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 941 आवेदन मांगों तथा 2 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे। वहीं विभिन्न योजनाओं के तहत 44 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा कई मामलों में मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिविर स्थल पहुंचकर सभी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उनकी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव हो रहा है, जिससे कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी कम हुई है। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है तथा इससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायता मिल रही है।

शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, खाद्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, श्रम विभाग एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने बारी-बारी से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की तथा अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, कुआं निर्माण, भूमि पट्टा, पशु शेड, राशन कार्ड, नाली सफाई सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

विभिन्न विभागों द्वारा विशेष गतिविधियां आयोजित

सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविर में 12 ग्राम पंचायतों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 7 हितग्राहियों को गृह प्रवेश हेतु सांकेतिक चाबी वितरित की गई तथा 4 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को सुपोषण किट एवं 5 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई। शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को मूंग बीज, मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को मत्स्य जाल, उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट तथा खाद्य विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

शिविर में सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, वन समिति सभापति जनपद पंचायत छुईखदान मन्नू मरकाम, सदस्य जनपद पंचायत लीला पवार मेरावी, डोमार सिंह भेड़िया एवं कौशल रामजी ठाकरे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , एसडीएम छुईखदान , सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान केशवरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज