राजधानी से जनता तक कोरबा। पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कोयले से भरे ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार 62 वर्षीय बालकुंवर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, धनरास निवासी बालकुंवर अपने दो पोतों के साथ इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान घाटी में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवक कोयले के नीचे दब गया, जिसे राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के बाद सड़क पर कोयला बिखर गया था, जिसे पुलिस ने दूसरे वाहन की मदद से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




