राजधानी से जनता तक/चरण सिंह क्षेत्रपाल
गरियाबंद -पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना देवभोग पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 48.300 किलोग्राम अवैध गांजा, 02 चारपहिया वाहन एवं 04 मोबाइल फोन जप्त कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों प्रकरणों में जप्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹31,31,000/- है।
कार्यवाही का संयुक्त विवरण
दिनांक 29.06.2026 एवं 30.06.2026 को थाना देवभोग पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा एवं महाराष्ट्र की ओर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे संदिग्ध चारपहिया वाहनों को रोककर विधिवत जांच की गई। प्रथम प्रकरण में कार क्रमांक सीजी 08 एए 2218 की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में रखी प्लास्टिक बोरी से 08.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। वहीं द्वितीय प्रकरण में मारुति रिट्ज कार क्रमांक एमएच 51 ए 2012 की तलाशी लेने पर वाहन में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से 40.200 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। दोनों मामलों में मौके पर एनडीपीएस किट से परीक्षण करने पर बरामद पदार्थ गांजा होना पाया गया। आरोपियों से गांजा रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। फलस्वरूप आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्राप्त अवैध गांजा, परिवहन में प्रयुक्त वाहन एवं मोबाइल फोन जप्त कर उक्त दोनों मामलों में थाना देवभोग में धारा 20(बी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियां
जितेन्द्र बोलकेकर, पिता– गौतम बोलकेकर, उम्र 41 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 62, इंदिरा चौक, गिरौद नीलाई, नेवरे, जिला दुर्ग (छ.ग.)
परसू राम पोड़, पिता– सिथोलिया पोड़, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम एवं थाना आरस्ता, जिला सांगली (महाराष्ट्र)
पंकज वाघमोडे, पिता– महादेव वाघमोडे, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कोकलेरु, थाना एवं जिला सांगली (महाराष्ट्र)
कुल जप्त सामग्री
कुल 48.300 किलोग्राम अवैध गांजा
कार क्रमांक सीजी 08 एए 2218
मारुति रिट्ज कार क्रमांक एमएच 51 ए 2012
04 मोबाइल फोन
कुल जप्ती मूल्य लगभग ₹31,31,000/-
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






