रायपुर। राष्ट्रगान के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान साहित्यकार रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा और सम्मान का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। टैगोर चौक स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उन्हें सादर नमन किया।
नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान तथा निगम जोन 6 के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी ने गुरूदेव टैगोर के साहित्य, दर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि टैगोर का चिंतन आज भी समाज को मानवता, शिक्षा और संस्कृति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
महापौर मीनल चौबे ने राजधानीवासियों की ओर से गुरूदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर केवल साहित्य के महानायक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और चेतना के प्रतीक थे। उनकी रचनाएं आज भी समाज में संवेदनशीलता और राष्ट्रीय भावना का संचार करती हैं।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, पार्षद स्वप्निल मिश्रा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश जैन, बबला होतवानी, मोना मजूमदार तथा जोन 6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, युवाओं, बच्चों और आम नागरिकों ने भी गुरूदेव टैगोर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। टैगोर चौक का पूरा परिसर श्रद्धा, संस्कृति और साहित्यिक चेतना के भाव से सराबोर नजर आया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




