ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था पर निगम की सख्ती, टोटीविहीन सार्वजनिक नलों में तत्काल टोटी लगाने के निर्देश

रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राजधानी में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 2 कार्यालय में गुरुवार को निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ और जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पेयजल समस्याग्रस्त क्षेत्रों में विभागीय एवं किराये के टैंकरों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के पार्षदों से समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समीक्षा के दौरान जोन क्षेत्र के पावर पंप और हैंडपंपों में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराने, खराब मोटर बदलने तथा मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। विशेष रूप से टोटीविहीन सार्वजनिक नलों में तत्काल टोटी लगाने तथा पाइपलाइन विस्तार एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोड़ियार, अवतार भारती बागल, पार्षद खपपति सोनी, शेख मुशीर, कृतिका जैन, रामहिन कुर्रे सहित निगम और जल विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान जोन 2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी. डी. धृतलहरे, जल विभाग कार्यपालन अभियंता नरसिंह फरेन्द्र, सहायक अभियंता गोविंद साहेब बंजारे, योगेन्द्र कुमार देवांगन, उप अभियंता सुधीर भट्ट, योगेन्द्र साहू तथा स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है