जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – छत्तीसगढ़ राज्य के बजट 2026–27 में सुकमा जिले के जगरगुड़ा को “एजुकेशन सिटी” के रूप में विकसित करने की ऐतिहासिक घोषणा ने पूरे बस्तर अंचल में आशा और उत्साह की नई लहर पैदा कर दी है। इस दूरदर्शी निर्णय के लिए सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बस्तर के भविष्य को संवारने वाला मील का पत्थर बताया है।
उन्होंने कहा कि जगरगुड़ा जैसे दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एजुकेशन सिटी की स्थापना न केवल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
शिक्षा, कौशल और रोजगार का केंद्र बनेगा जगरगुड़ा
प्रस्तावित एजुकेशन सिटी के अंतर्गत विद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान एवं कौशल विकास केंद्रों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे युवाओं को रोजगारोन्मुखी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त होगी, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सक्षम बनाएगी। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने से बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
अरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि एजुकेशन सिटी की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। शिक्षण संस्थानों, छात्रावासों, परिवहन, खान-पान, आवास एवं अन्य सेवाओं के विस्तार से स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी, जिससे समग्र विकास को बल मिलेगा।
बस्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बजट में जगरगुड़ा को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की घोषणा इसी प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
उज्ज्वल भविष्य की ओर सुकमा
अंत में उन्होंने प्रदेश सरकार एवं सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय सुकमा जिले के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ठोस, दूरदर्शी और ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाले वर्षों में शिक्षा, शांति और रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




