जहां कभी डर का साया था, वहां विकास की जीत

पुवर्ती बना सुकमा जिले का पहला पूर्ण जनगणना गांव

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा, कोंटा। कभी नक्सल प्रभाव के कारण भय और असुरक्षा के साए में रहने वाला ग्राम पुवर्ती आज विकास और विश्वास की नई कहानी लिख रहा है। कोंटा विकासखंड के इस गांव ने जनगणना कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा कर पूरे जिले के लिए मिसाल कायम की है। पुवर्ती, सुकमा जिले का पहला ऐसा गांव बन गया है जहां जनगणना का प्रथम चरण सबसे पहले सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कलेक्टर कक्ष में प्रगणक एवं सहायक शिक्षक श्री जवाराम पटेल को सम्मानित किया। उन्होंने मात्र 3 दिनों में जनगणना कार्य पूरा कर अपनी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया।

प्रगणक श्री जवाराम पटेल ने बताया कि उनके कार्यक्षेत्र ग्राम पुवर्ती में लगभग 950 से अधिक जनसंख्या और 234 मकान हैं। गांव में 2 आंगनबाड़ी केंद्र और 1 स्कूल संचालित है। जनगणना के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, खासकर स्थानीय गोंडी भाषा को समझने में कठिनाई आई, जिससे संवाद में बाधा उत्पन्न हुई। इसके बावजूद उन्होंने इस जिम्मेदारी को सेवा का अवसर मानते हुए कार्य को पूरी निष्ठा से निभाया।

उन्होंने स्थानीय शिक्षकों के सहयोग से गांव की सामाजिक संरचना को समझा और हर घर तक पहुंचकर सर्वे कार्य पूर्ण किया। यह न केवल उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है, बल्कि ग्रामीणों के साथ बढ़ते विश्वास का भी प्रतीक है।

गौरतलब है कि पुवर्ती गांव पहले घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब नक्सल उन्मूलन और प्रशासन की सक्रिय पहल के चलते यहां तेजी से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। शासकीय योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है और लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि श्री जवाराम पटेल का समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा अन्य जनगणना कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी जगरगुण्डा ग्रामीण श्री योपेंद्र पात्रे भी उपस्थित रहे। पुवर्ती की यह सफलता बताती है कि जब प्रशासन और जनता मिलकर प्रयास करते हैं, तो सबसे कठिन परिस्थितियों में भी विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज