झाखरपारा में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

भगवान बिरसा मुंडा स्मृति स्मारक पर हुआ भव्य आयोजन, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और अधिकारों का दिया संदेश

राजधानी से जनता तक न्यूज/गरियाबंद

देवभोग- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त 2026, रविवार को गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड अंतर्गत ग्राम झाखरपारा में आदिवासी समाज द्वारा उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। झाखरपारा स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा एवं स्मृति स्मारक पर पूजा-अर्चना के साथ की गई। उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज ने देश की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक ने आदिवासी समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए समाज को एक नई दिशा प्रदान की। उनके संघर्ष और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।कार्यक्रम में आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक अधिकारों एवं युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान किया जाना महत्वपूर्ण योगदान है। आज के इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भूपेन्द्र मांझी अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी देवभोग,सानंदो ध्रुवा आदिवासी कांग्रेस देवभोग ब्लॉक अध्यक्ष,कुंजल राम यदु उपाध्यक्ष,पदुनाथ यदू उपाध्यक्ष,लिलाम्बर मरकाम, झाखरपारा मण्डल प्रभारी,दुरूप सिंह ध्रुवा बूथ प्रभारी झाखरपारा, अरविंद ध्रुवा कांग्रेस कार्यकर्ता , नरसिंह नागेश, सुरेन्द्र चुरपाल सचिव,खारदे राम चुरपाल बूथ अध्यक्ष, भीमसेन मरकाम सहित अन्य सभी जेष्ठ श्रेष्ठ वरिष्ठ कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है