नक्सलियों का खौफ खत्म, अब गांवों में सीना तानकर वर्दी पहनेंगे कोटवार — कलेक्टर

जिलास्तरीय कोटवार सम्मेलन में उत्कृष्ट कोटवार सम्मानित, वर्दी से लेकर हूटर-टॉर्च तक मिली आवश्यक सामग्री

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की पहचान रखने वाला सुकमा जिला अब तेजी से बदलाव और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव की झलक जिला मुख्यालय स्थित शबरी ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कोटवार सम्मेलन में देखने को मिली, जहां प्रशासन ने कोटवारों को सम्मानित कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि एक समय ऐसा था जब नक्सलियों के भय और प्रताड़ना के कारण कोटवार अपनी वर्दी पहनने तक से डरते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। शासन की पहुंच गांव-गांव तक मजबूत हुई है और नक्सलियों का प्रभाव लगातार कम हुआ है। उन्होंने कहा कि अब कोटवार गांवों में गर्व और सम्मान के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में कोटवारों के रिक्त पदों को शत-प्रतिशत भर दिया गया है ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं और सूचनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में कोटवारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कोटवारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कोटवारों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य और सामाजिक समस्याओं की सूचना समय पर प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं पर भी सतर्क रहने का आग्रह किया।

जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने बताया कि आगामी दिनों में मनरेगा सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता में कोटवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
वनमंडलाधिकारी अक्षय भोंसले ने जिले के वन क्षेत्रों की सुरक्षा में कोटवारों की भूमिका को अहम बताते हुए अवैध कटाई, अतिक्रमण और वन्यजीव अपराधों की सूचना देने के लिए वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोटवारों को सम्मानित किया गया। वहीं नवनियुक्त कोटवारों को नई वर्दी वितरित की गई और सभी को ड्यूटी के लिए आवश्यक सामग्री जैसे हूटर, आधुनिक टॉर्च, बेल्ट, बैच, डंडा और थर्मस किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रभारी अपर कलेक्टर शबाब खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि बदलते सुकमा में अब कोटवार केवल सूचना वाहक नहीं, बल्कि सुशासन, विकास और जनविश्वास के मजबूत आधार बनकर उभर रहे हैं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज