राजधानी से जनता तक/सुकमा जिले के अत्यंत संवेदनशील एवं वनांचल क्षेत्र पुवर्ती में 150वीं बटालियन, CRPF द्वारा आयोजित सिविक एक्शन प्रोग्राम ने विकास और विश्वास की नई मिसाल पेश की है। इस कार्यक्रम के माध्यम से 300 से अधिक ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री, खेल उपकरण, आजीविका साधन एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गईं।
महानिरीक्षक पुलिस (IGP) CRPF छत्तीसगढ़ सेक्टर के मार्गदर्शन एवं उप महानिरीक्षक (ऑप्स) CRPF सुकमा के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट श्री राकेश चंद्र शुक्ला ने किया। इसमें पुवर्ती, तुमलपारा, बांदीपारा, मिस्सीपारा और ओयमपारा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
ग्रामीणों को मिली बहुपयोगी सामग्री
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को 300 लीटर क्षमता वाले पानी टैंक, सोलर लैंप और टिन शीट जैसे उपयोगी संसाधन वितरित किए गए। साथ ही युवाओं और बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए वॉलीबॉल, फुटबॉल, नेट, कैरम बोर्ड और क्रिकेट किट भी प्रदान किए गए।
घरेलू उपयोग की सामग्री में कड़ाही, पतीला, स्टील थालियां, चम्मच, छाते, साड़ियां, लुंगी, मच्छरदानी और कंबल शामिल रहे। वहीं किसानों और श्रमिकों को फावड़ा, कुल्हाड़ी, गैंती और बीज देकर आजीविका को मजबूत करने की दिशा में भी पहल की गई।
स्वास्थ्य शिविर बना राहत का माध्यम
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. विवेकानंद के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
विश्वास और सद्भाव का सशक्त संदेश
कार्यक्रम के समापन पर सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे आपसी सद्भाव और जुड़ाव को मजबूती मिली।
इस अवसर पर कमांडेंट राकेश चंद्र शुक्ला ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों के जीवन स्तर को सुधारना, शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें भ्रामक प्रभावों से दूर रखना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि CRPF भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए CRPF के प्रति आभार जताया और इसे विश्वास बढ़ाने वाला सराहनीय कदम बताया।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




