रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन अंतर्गत गोलबाजार थाना पुलिस ने पूजा सामग्री की दुकान से 53 हजार रुपए चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 38 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 13 अप्रैल 2026 को फूल चौक स्थित पूजा सामग्री दुकान संचालक नरेंद्र केशवानी ने थाना गोलबाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और पूजा एवं हवन सामग्री खरीदने की बात कहकर अलग-अलग सामान दिखाने लगा। आरोपी लगातार नई-नई वस्तुओं की मांग करता रहा, जिससे दुकानदार दुकान के भीतर और ऊपर रखे सामान लाने में व्यस्त हो गया।
इसी दौरान आरोपी ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर गल्ले में रखी 53 हजार रुपए नकद राशि चोरी कर ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 305(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोलबाजार थाना पुलिस ने आसपास पूछताछ, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बिहार के सारण जिले के दिगवारा थाना क्षेत्र स्थित सीतलपुर बाजार का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 38 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पुणे सिंह जुर्री सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




