बस्तर संभागीय प्रमुख संतोष मरकाम
जगदलपुर। बस्तर की धरती पर साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम करने वाले बस्तर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुन्दरराज पी. जी. के सम्मान में जनजातीय गौरव समाज, छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) द्वारा एक गरिमामय नागरिक अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके उल्लेखनीय योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आईजी सुन्दरराज पी. जी. ने अपने कार्यकाल के दौरान बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ-साथ आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत पुल तैयार किया। नक्सलमुक्त बस्तर के संकल्प को साकार करने की दिशा में उनके जमीनी नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति समर्पित कार्यशैली ने बस्तर को विकास और शांति की नई राह दिखाई।
जनजातीय गौरव समाज ने उनकी नई पदस्थापना के अवसर पर नागरिक सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक अधिकारी का नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व के प्रति बस्तर की जनता की सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक है। समाज के प्रतिनिधियों ने भावुक शब्दों में कहा कि सुन्दरराज पी. जी. ने बस्तर के लोगों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि बस्तर की मिट्टी, यहां के लोगों का स्नेह और वर्षों की साझा यात्रा की यादें हमेशा इस आत्मीय रिश्ते को जीवंत बनाए रखेंगी।
जनजातीय गौरव समाज, छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) ने अंत में आईजी सुन्दरराज पी. जी. के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर उनके योगदान को सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






