भारत-जापान के रिश्तों को मजबूती, रक्षा और निवेश समेत कई अहम समझौते

नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के पहले भारत दौरे पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। हैदराबाद हाउस में हुई बैठक के दौरान रक्षा, व्यापार, निवेश, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सप्लाई चेन और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान का रिश्ता केवल आर्थिक साझेदारी तक सीमित नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और साझा हितों पर आधारित है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने पहली रक्षा सह-विकास परियोजना पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे सुरक्षा सहयोग का नया अध्याय शुरू होगा।
मोदी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में दोनों देशों के बीच करीब 120 नए व्यापारिक समझौते हुए हैं। भारत ने अगले 10 वर्षों में जापान से 10 ट्रिलियन येन के निवेश का लक्ष्य रखा है। साथ ही, गोवर्धन पहल के तहत भारत-जापान बायोगैस पहल शुरू करने की भी घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री ताकाइची ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच दोनों देशों को अपनी-अपनी ताकतों का उपयोग करते हुए रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व नियम-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है