विवेक कुमार चंद्राकर को मिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की जिम्मेदारी..
अनुराज साहू जिला प्रमुख सारंगढ़ बिलाईगढ़ राजधानी से जनता तक
सारंगढ़: छत्तीसगढ़ राज्य के खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 32 नवनियुक्त खनिज निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसी क्रम में, नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के खनिज निरीक्षक के रूप में विवेक कुमार चंद्राकर की पदस्थापना की गई है।
ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया मंत्र-.
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग राज्य के राजस्व का मुख्य आधार है, इसलिए अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने सख्त लहजे में हिदायत दी कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
सारंगढ़ जिले को मिले विवेक कुमार चंद्राकर-
जारी आदेश के अनुसार, विवेक कुमार चंद्राकर (पिता श्री संतकुमार चंद्राकर) को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के खनिज कार्यालय (खनिज शाखा) में पदस्थ किया गया है। विवेक कुमार महासमुंद जिले के पिढ़ी क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी इस नियुक्ति से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज संबंधी कार्यों में तेजी आने और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विभाग को मिलेगी नई ऊर्जा-
खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इन 32 नए निरीक्षकों की भर्ती से मैदानी स्तर पर निगरानी तंत्र मजबूत होगा। लंबे समय से विभाग में रिक्त पदों की वजह से पड़ रहे दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में खनिज विभाग के सचिव, संचालक और कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे, जिन्होंने नई टीम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




