राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। पड़ाना के पास झिरी नाले के तेज बहाव में एक ईको कार बहकर नाले में गिर गई। कार में देवास जिले के सतवास क्षेत्र के 11 लोग सवार थे। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। तीन लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, सभी लोग सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे। झिरी नाले पर बने करीब 30 फीट लंबे निर्माणाधीन पुल को पार करते समय तेज बहाव के बावजूद चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। पानी के दबाव में कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।
हादसे में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चों की मौत हुई है। मृतकों में करीब तीन साल का बच्चा भी शामिल बताया गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया, जबकि लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
एसडीएम रोहित बम्होरे ने सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन लोग सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। मृतकों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। तेज बारिश और नाले के बहाव के कारण बचाव अभियान में टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






