चार राज्यों से ट्रेस कर मालिकों को सौंपे मोबाइल, चेहरों पर लौटी मुस्कान
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिला पुलिस सुकमा ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्य करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बड़ी बरामदगी कर आमजन का विश्वास मजबूत किया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 52 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है, को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया गया।
यह उल्लेखनीय सफलता पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री रोहित शाह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका श्याम के पर्यवेक्षण में हासिल की गई। सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री प्रमोद कश्यप के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
सायबर सेल की टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल नंबर और IMEI नंबर ट्रेस करते हुए न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पड़ोसी राज्य उड़ीसा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से भी मोबाइल बरामद किए। तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों के चलते यह बड़ी सफलता संभव हो पाई।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित मोबाइल धारकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिनांक 06 जनवरी 2026 को सुकमा पुलिस द्वारा 112 मोबाइल फोन (करीब 16.50 लाख रुपए मूल्य) बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जो पुलिस की निरंतर सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस सफल कार्रवाई में सायबर सेल की टीम के सदस्य—प्रधान आरक्षक महेंद्र बहादुर कंवर, आरक्षक नेमपाल दिवाकर, मीना गावड़े, रूखमणी यादव, लीलाराम पटेल, सुब्बाराव पोडियाम और सुरेश पोडियम का विशेष योगदान रहा।
सुकमा पुलिस की यह पहल न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आम जनता के विश्वास और सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




