जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिला प्रशासन द्वारा “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” और “सुशासन तिहार” के तहत एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की गई है, जिसने सुशासन की एक नई मिसाल पेश की है। अब सरकारी कर्मचारियों को स्वास्थ्य जांच के लिए कार्यालय से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि कलेक्ट्रेट परिसर में ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभिनव पहल के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाओं का वितरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे जहां कर्मचारियों के समय की बचत हो रही है, वहीं उनकी कार्यक्षमता में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिल रही है।
अभियान को दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। 05 और 06 मई को कलेक्ट्रेट कार्यालय सुकमा में शिविर आयोजित किया गया, जबकि 07 और 08 मई को जिला पंचायत कार्यालय और सीएमएचओ कार्यालय में शिविर के माध्यम से सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
इस पहल को और अधिक प्रेरणादायक बनाते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचे और बीपी व शुगर की जांच कराकर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उनके इस कदम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन के लिए स्वास्थ्य और सुशासन दोनों ही सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित यह शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता, सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है।
इस पहल से न केवल कर्मचारियों को त्वरित लाभ मिल रहा है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में यह एक मजबूत और प्रभावी कदम साबित हो रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




