छुईखदान । सुशासन तिहार के अंतर्गत खैरागढ़ वनमण्डल द्वारा रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के राज्य कैम्पा (क्षतिपूर्ति वर्गीकरण) मद से आस्थामूलक कार्यों हेतु ग्राम आमगांव के समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे को टेंट एवं बर्तन सामग्री प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने करकमलों से सामग्री वितरण किया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सामाजिक एवं पारंपरिक आयोजनों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। टेंट एवं बर्तन सामग्री के माध्यम से गांव में छोटे स्तर पर स्वरोजगार और आय के नए साधन विकसित होने की संभावना बढ़ेगी।
समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गांव में सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी और स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा।
ग्रामीणों ने इस पहल को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।




