रायपुर , 23 मई 2026 / सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत खैरागढ, छुईखदान, गंडई, जिले के जनपद पंचायत छुईखदान के खैरानवापारा में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर जनभागीदारी और प्रशासनिक संवेदनशीलता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर में खैरानवापारा क्लस्टर की 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी मांगों, शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ के लिए आवेदन दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को प्रदान किए जा रहे लाभों एवं सेवाओं की जानकारी ली। शिविर में कुल 967 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 798 मांग एवं 169 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा 137 हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही हो तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ मिले। सांसद प्रतिनिधि श्री खम्हन ताम्रकार ने समाधान शिविर को ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बताते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने उद्बोधन में सुशासन तिहार को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बताते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की बात कही।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 09 हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी एवं 07 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 02 महिला समूहों को बैंक ऋण वितरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 06 सुपोषण किट तथा 15 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट दी गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक वितरित की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 323 आवेदन प्रमुख रहे। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण हेतु 42 आवेदन, मनरेगा योजनांतर्गत 64 आवेदन, राजस्व विभाग से संबंधित 38 आवेदन एवं खाद्य विभाग अंतर्गत 87 आवेदन प्राप्त हुए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में सर्वाधिक 474 आवेदन दर्ज किए गए। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा, जनपद पंचायत सदस्य श्री डोनार सिंह भेडि़या, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री विजय वर्मा, सरपंच श्री प्रकाश जंघेल, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम श्री अविनाश ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान श्रीमती केश्वरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है



