सुशासन तिहार 2026: ग्राम मोहरेंगा के श्री सुशील पाटिल को समाधान शिविर में मिला किसान किताब, खेती को मिला नया संबल

बेमेतरा / बेमेतरा जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम मोहरेंगा के निवासी श्री सुशील पाटिल को समाधान शिविर में किसान किताब (खसरा/भूमि अभिलेख दस्तावेज) प्रदान किया गया, जिससे उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हुआ।

श्री सुशील पाटिल को अपने कृषि कार्यों के लिए किसान किताब की आवश्यकता थी, किन्तु प्रक्रियात्मक कारणों से उन्हें यह दस्तावेज प्राप्त नहीं हो पा रहा था। सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में उन्होंने अपनी समस्या दर्ज कराई, जिस पर प्रशासन द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए मौके पर ही उन्हें किसान किताब उपलब्ध कराई गई।

किसान किताब प्राप्त होने से अब श्री पाटिल को कृषि संबंधी विभिन्न शासकीय योजनाओं, ऋण सुविधा एवं अन्य लाभ लेने में आसानी होगी। यह दस्तावेज उनके लिए खेती-किसानी के कार्यों में एक महत्वपूर्ण आधार सिद्ध होगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 “शासन आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करते हुए आमजन, विशेषकर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।

श्री सुशील पाटिल ने इस त्वरित समाधान के लिए शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी और वे योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है