रायपुर से कवर्धा जाते समय छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma ने बेमेतरा के पास हाईवे पर नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा का औचक परीक्षण किया।
सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया और रिस्पॉन्स टाइम जांचने के लिए उन्होंने खुद पीड़ित बनकर डायल-112 पर कॉल किया और मारपीट व सड़क दुर्घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद वे पास के एक ढाबे पर रुककर पुलिस वाहन के पहुंचने का इंतजार करते रहे।
निर्धारित समय के भीतर डायल-112 टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री ने वाहन और उसमें मौजूद तकनीकी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संचार व्यवस्था, रिस्पॉन्स सिस्टम और आपात स्थिति में पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम और हेल्पलाइन की सहायता प्रक्रिया को भी परखा। साथ ही अधिकारियों को आम नागरिकों को तेज और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने छत्तीसगढ़ में 400 नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
नई तकनीक से लैस इन वाहनों में एआई आधारित लोकेशन पहचान तकनीक, पैनिक बटन और महिला सुरक्षा से जुड़ी विशेष सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इसके जरिए पुलिस सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन सेवा और महिला हेल्पलाइन को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
Author: Sangam Dubey
छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com



