37.66 करोड़ की लागत से बनेगी जिले की पहली आधुनिक आवासीय कॉलोनी, 185 परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना।

सूरजपुर में आवासीय विकास का नया अध्याय, ग्राम पर्री में अटल विहार योजना का शुभारंभ।
मोहन प्रताप सिंह 
राजधानी से जनता तक, सूरजपुर/:– जिले के ग्राम पर्री में अटल विहार योजना का भूमिपूजन संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा लगभग 37.66 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही यह परियोजना जिले की पहली आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनी होगी।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रमणी पैंकरा तथा कलेक्टर रेना जमील सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि अटल विहार योजना जिलेवासियों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हर वर्ग तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह परियोजना सूरजपुर जिले की पहली सर्वसुविधायुक्त आवासीय कॉलोनी होगी, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक सभी के लिए किफायती आवास उपलब्ध होंगे।
अटल विहार योजना के तहत लगभग 10 एकड़ भूमि पर कुल 185 आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 68 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 60 निम्न आय वर्ग, 47 मध्यम आय वर्ग तथा 10 उच्च आय वर्ग के भवन शामिल हैं। विभिन्न आय वर्गों को ध्यान में रखते हुए भवनों की कीमतें निर्धारित की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
प्रशासन के अनुसार योजना को लेकर लोगों में उत्साह है और अब तक करीब 70 प्रतिशत भवनों का पंजीयन पूरा हो चुका है। शेष भवनों के लिए पंजीयन प्रक्रिया जारी है।
अटल विहार योजना को सूरजपुर जिले में आधुनिक एवं संगठित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आने वाले समय में यह कॉलोनी जिले की मॉडल आवासीय परियोजना के रूप में पहचान बना सकती है।

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज