कलेक्टर देवेश ध्रुव ने हितग्राहियों से समय पर प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके, इसके लिए सुकमा जिला प्रशासन ने ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी ला दी है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने सभी पंजीकृत महिला लाभार्थियों से 25 नवंबर से पहले ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा करने की अपील की है।
कलेक्टर ध्रुव के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों तथा दुर्गम क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ई-केवाईसी कार्य सीएससी और वीएलई संचालकों द्वारा निःशुल्क किया जा रहा है। किसी भी हितग्राही से शुल्क लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ग्रामीण इलाकों में यह कार्य अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के रूप में चयनित ग्राम पंचायत भवनों में भी किया जा रहा है।
ऑपरेटर शिविरों के साथ-साथ डोर-टू-डोर सर्वे कर महिलाओं का सत्यापन कर रहे हैं। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय बीएलई समन्वय स्थापित कर लाभार्थियों को ई-केवाईसी केंद्रों तक पहुँचने में सहायता प्रदान कर रहे हैं।
जिला प्रबंधक चॉइस सेंटर श्री शेख शाहरुख ने बताया कि जिले में योजना के तहत 13,808 महिला हितग्राही पंजीकृत हैं। इनमें से 4,550 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों के लिए प्रक्रिया तेजी से जारी है। जिन महिलाओं का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण विफल हो रहा है, उन्हें तुरंत नजदीकी आधार केंद्र में जाकर बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सलाह दी गई है, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न हों।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में सभी पात्र महिलाओं का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अपील की कि सभी पंजीकृत लाभार्थी 25 नवंबर से पहले अपना ई-केवाईसी अवश्य कराएं।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है


