जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा, भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 की प्रगति हेतु मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक जिला निर्वाचन कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 4 नवंबर 2025 से तहसील स्तर पर बीएलओ द्वारा गणना पत्रक (Form-1) का घर-घर वितरण एवं संकलन किया जा रहा है। संकलित गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन कार्य भी समानांतर रूप से प्रगति पर है। इस संबंध में राजनीतिक दलों को वर्तमान स्थिति एवं प्रगति सूची से अवगत कराया गया।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इस कार्य की गति एवं पारदर्शिता पर संतुष्टि व्यक्त की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मतदाता सूची प्रकाशन एवं दावा-आपत्ति की प्रक्रिया
9 दिसंबर 2025 : गणना प्रपत्रों के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी निर्दिष्ट स्थानों पर प्रकाशित की जाएगी तथा राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी।
9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 :
नया नाम जोड़ने,
किसी त्रुटि सुधारने,
या किसी नाम के विलोपन हेतु
पात्र नागरिक अपने दस्तावेजों सहित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – विधानसभा 90/कोंटा के समक्ष दावा/आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य एक त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची सुनिश्चित करना है।
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन
7 फरवरी 2026 : अंतिम इलेक्टोरल रोल प्रकाशित किया जाएगा।
शंका एवं शिकायत निवारण
अगर कोई मतदाता बीएलओ अथवा ईआरओ के निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।
इसके अलावा शंका/समस्या के समाधान हेतु—
जिला व तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित हैं।
नागरिक DCC 1950 (टोल-फ्री) पर कॉल कर भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




