जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा – प्रदेशभर में 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र रानीबहल में आज 1 दिसंबर तक खरीदी शुरू नहीं हो सकी है। निर्धारित तिथि से 15 दिन की देरी किसानों में भारी आक्रोश का कारण बनी हुई है।
केंद्र संचालित न होने के पीछे नेट सुविधा उपलब्ध न होने का हवाला दिया जा रहा है। वहीं आज 1 दिसंबर को केवल दो टोकन ही काटे गए। किसानों का कहना है कि छोटे किसानों के टोकन काटकर खरीदी की शुरुआत किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई दिनों से अपने धान की बोरियाँ लेकर केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खरीदी शुरू न होने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि धान कटाई के बाद से लगातार बारिश होने से फसल सुरक्षित रखना भी मुश्किल होता जा रहा है।
किसानों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता से उन्हें आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से धान खरीदी केंद्र को तत्काल शुरू करने और किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है



