चन्द्रदीप यादव/राजधानी से जनता तक/बलरामपुर, रामानुजगंज

बलरामपुर :- भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल के निर्देशानुसार एवं भारतीय जनता पार्टी के बलरामपुर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के मार्गदर्शन पर बलरामपुर जिले के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मोहम्मद शमीम द्वारा इन दिनों पूरे जिले में व्यापक स्तर पर मंडल स्तरीय जनसंपर्क एवं संगठन सुदृढ़ीकरण दौरा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अपने इस अभियान के तहत वे लगातार विभिन्न मंडलों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।

अपने दौरे के दौरान मोहम्मद शमीम स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को गंभीरता से सुन रहे हैं। साथ ही वे भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी नीतियों, योजनाओं और विचारधारा से लोगों को अवगत करा रहे हैं। उनका विशेष जोर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ को सशक्त बनाने पर है।
जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है और अल्पसंख्यक समाज का विकास भी पार्टी की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे आम जनता के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
शमीम के लगातार सक्रिय दौरा कार्यक्रमों से जिले के अल्पसंख्यक समाज में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। लोग उनके नेतृत्व और मिलनसार स्वभाव की प्रशंसा कर रहे हैं। सभी स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत भी किया गया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों ने भी उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा और ऊर्जा मिली है।
आगामी दिनों में भी मोहम्मद शमीम का जिले के अन्य मंडलों में दौरा कार्यक्रम जारी रहेगा, जिसके माध्यम से वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




