मेटागुडेम में उम्मीद की रोशनी: सीआरपीएफ 131 बटालियन ने लगाया विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – जिले के अति संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्र मेटागुडेम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 131 बटालियन द्वारा जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एफ.ओ.बी. मेटागुडेम–इरापल्ली में कमांडेंट श्री दीपक कुमार साहू के निर्देशन में 27 फरवरी 2026 को संपन्न हुआ।

इस मानवीय पहल में मेटागुडेम, इरापल्ली, बोतेलांका एवं बोतेटोंग के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर में विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य पर फोकस किया गया, जहां उनके हीमोग्लोबिन स्तर और पोषण स्थिति की जांच की गई। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और विभिन्न बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।

शिविर में उपस्थित चिकित्साधिकारी डॉ. दर्शप्रीत सिंह (एस.एम.ओ., 131 बटालियन) द्वारा मरीजों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। ग्रामीणों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई तथा महिलाओं एवं बच्चों को फल, चॉकलेट और बिस्किट वितरित कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया गया।

इस अवसर पर श्री मुकुंद सिंह (सहायक कमांडेंट, कंपनी कमांडर ए/131) एवं श्री शेजोल राहुल सुरेश (सहायक कमांडेंट, कंपनी कमांडर डी/131) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री मुकुंद सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि,

“क्षेत्र के सभी ग्रामीण हमारा परिवार हैं और गांव हमारा घर। हम सभी की सहायता और सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं। भविष्य में भी ऐसे चिकित्सा शिविरों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों का स्वास्थ्य बेहतर हो और उनका विश्वास और अधिक मजबूत बने।”

यह चिकित्सा शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का माध्यम बना, बल्कि सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द का मजबूत सेतु भी साबित हुआ। सीआरपीएफ 131 बटालियन की यह पहल नक्सल प्रभावित अंचलों में विकास, सुरक्षा और संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है