बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा का छठवां स्थापना दिवस ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया

जिला प्रमुख नवीन दांदडें  राजधानी से जनता तक सुकमा – बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर सुकमा जिला मुख्यालय में जिला अध्यक्ष श्री पी. प्रसाद राजू के नेतृत्व में “सेवा संकल्प दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच फल वितरण किया तथा उनका हालचाल जाना।

संगठन प्रतिनिधियों ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा सदैव बस्तर की जनता के साथ खड़ा रहेगा और उनकी सेवा, संघर्ष व अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

फल वितरण कार्यक्रम के पश्चात एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के आगामी विस्तार और सुदृढ़ीकरण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। वर्ष 2026 को “संगठन सुदृढ़ीकरण वर्ष” के रूप में मनाने का संकल्प लेते हुए गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड तक संगठन को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा बेहतर राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि मुक्ति मोर्चा का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और समर्पण के माध्यम से बस्तर के विकास, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा करना है। इस अवसर पर सुकमा जिला इकाई ने यह संकल्प दोहराया कि जनता की सेवा ही हमारा धर्म है और श्रेष्ठ बस्तर निर्माण हमारा लक्ष्य। संगठन विस्तार और सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Ishwar Naurange
Author: Ishwar Naurange

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।