महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल: 8 मार्च को जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा। जिला प्रशासन सुकमा के मार्गदर्शन में महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत पहले विकासखंड स्तर पर मुकाबले होंगे, जिनके विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला खेल अधिकारी वीरूपाक्ष पौराणिक ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 06 मार्च 2026 को विकासखंड मुख्यालय सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में जिले की महिला प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, 100 मीटर रिले रेस और रस्साकसी जैसी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा। इन खेलों में 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं एवं युवतियां भाग ले सकेंगी।

विकासखंड स्तर पर विजेता खिलाड़ी 08 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय सुकमा में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जहां जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

जिला प्रशासन ने जिले की सभी महिला खिलाड़ियों एवं इच्छुक प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है