जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोंटा जनपद में सचिवों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोंटा श्री सुभाष शुक्ला एवं जनपद पंचायत कोंटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित ध्रुव उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सचिवों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सजगता और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए। विभिन्न शासकीय योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जन्म प्रमाण पत्र पर विशेष जोर
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्रत्येक नवजात शिशु का जन्म प्रमाण पत्र समय पर तैयार किया जाए। साथ ही जन्म पंजीयन रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि और ऑनलाइन इंद्राज सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
राशन वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कोंटा विकासखंड की सभी 67 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उचित मूल्य दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्यान्न की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे।
सोलर लाइट मरम्मत को प्राथमिकता
ग्राम पंचायतों में खराब पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइट की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। जहां नई लाइट की आवश्यकता है, वहां 2 दिनों के भीतर जानकारी प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
आवास योजना और निर्माण कार्यों में तेजी
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शेष पात्र हितग्राहियों के दस्तावेज 2 दिनों में जमा कराने और अपात्र मामलों में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को 31 मई 2026 तक पूर्ण करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए।
मनरेगा और अन्य योजनाओं की समीक्षा
मनरेगा के अंतर्गत ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय स्वीकृति में तेजी लाने तथा लंबित पेंशन प्रकरणों का 2 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राम स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




