जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। प्रधानमंत्री सड़क योजना वर्ष 2021-22 के अंतर्गत कुमटीगुड़ा से कोटिगोड़ा तक 4 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क में केवल मुरूम और गिट्टी डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जबकि डामरीकरण (डामर रोड) अब तक नहीं किया गया है। इससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण बिना विधिवत स्वीकृति (सैंक्शन) के ही ठेकेदार द्वारा शुरू कर दिया गया था। योजना का बोर्ड भी लगाया गया था, जिसे बाद में ठेकेदार द्वारा हटा लिया गया। इस पूरे मामले ने योजना की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वे अपनी समस्या लेकर जिला कार्यालय भी पहुंचे, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। वहां मौजूद कर्मचारियों (बाबू) द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि संबंधित कार्य आदेश से पहले ही शुरू कर दिया गया था, और स्वीकृति नहीं होने के कारण प्रक्रिया अधूरी रह गई।
इस अधूरे निर्माण के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में यह सड़क और भी बदहाल हो जाती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
शिकायतकर्ता ग्रामीणों में सुखराम कश्यप (भूतपूर्व पंच), देवचंद कश्यप, कमलू कश्यप, सीताराम कश्यप और रतन कश्यप शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा सड़क का डामरीकरण जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




