जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। विश्व नवकार दिवस के अवसर पर सुकमा जैन समाज द्वारा ओसवाल भवन में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नवकार मंत्र का सामूहिक जाप श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर विश्व के 128 देशों में एक साथ, एक ही समय पर नवकार महा मंत्र का उच्चारण किया गया, जिससे वैश्विक स्तर पर एक आध्यात्मिक एकता का अद्भुत संदेश प्रसारित हुआ।
सुकमा में आयोजित इस कार्यक्रम में जैन समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामूहिक जाप में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। पूरे वातावरण में मंत्रोच्चारण की गूंज ने आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
जैन समाज के अध्यक्ष भोमराज टाटिया एवं महामंत्री धीरज बाफना ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन विश्व स्तर पर एक साथ किया गया, जिसका उद्देश्य शांति, सद्भाव और आत्मकल्याण का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र जैन धर्म का सबसे पवित्र और सार्वभौमिक मंत्र है, जो मानवता को सही मार्ग की ओर प्रेरित करता है।
इस कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के सचिव सहित विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष अनिल टावरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विश्व शांति, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण की कामना की। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देने में सफल रहा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




