जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा, 09 अप्रैल 2026। जिले में वन विभाग ने अवैध उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरक्षित वन क्षेत्रों में मुरम निकालने वालों पर सख्त शिकंजा कसा है। विभाग की सघन कार्रवाई में दो अलग-अलग स्थानों से 4 टिप्पर ट्रक और 2 जेसीबी मशीनें जब्त की गई हैं, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला गोलापल्ली रेंज का है, जहां अवैध रूप से मुरम उत्खनन करते हुए 2 टिप्पर (CG 20 J 2163, CG 20 J 2164) और 1 जेसीबी मशीन जब्त की गई। जांच में सामने आया कि आरक्षित वन भूमि को नुकसान पहुंचाते हुए बिना अनुमति उत्खनन किया जा रहा था। इस मामले में सन्नु वाचम, लक्ष्मैया अगनपल्ली और सुधाकर बड़दी की संलिप्तता पाई गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई किस्टाराम रेंज में की गई, जहां से 2 टिप्पर (CG 26 J 0325, CG 26 E 9737) और 1 जेसीबी एक्सकेवेटर (JCB2151LC) जब्त किया गया। यहां भी वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन किया जा रहा था। इस प्रकरण में सुमन राय, बंशीधर कश्यप और सुनील बघेल के नाम सामने आए हैं।
यह पूरी कार्रवाई उपवनमंडलाधिकारी कोन्टा श्री राहुल देवांगन के मार्गदर्शन में, गोलापल्ली रेंजर श्री प्रसाद राव एवं किस्टाराम रेंजर श्री ईश्वर बघेल के नेतृत्व में वन अमले द्वारा की गई। मौके पर सघन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया गया कि यह कार्रवाई वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर की गई है। जब्त वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और इसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




