जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा | बस्तर की माटी से जुड़े जननायक एवं पूर्व सांसद बलिराम कश्यप की स्मृति में सुकमा नगर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद कांता राठी ने इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद राठी ने सामान्य सभा की बैठक में भी यह प्रस्ताव रखने की बात कही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम एवं सीएमओ हुंगाराम गोंदे से आग्रह किया कि बस्तर के इस महान जननेता को सम्मान देने हेतु नगर के किसी प्रमुख चौक पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।
जनभावनाओं के अनुरूप पहल
ज्ञापन में कांता राठी ने कहा कि स्वर्गीय बलिराम कश्यप केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि बस्तर की अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज, ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर दिलाई पहचान
कई बार सांसद रहे बलिराम कश्यप ने संसद में बस्तर की समस्याओं को मजबूती से उठाया और क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेषकर नक्सल प्रभावित दूरस्थ इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।
युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
पार्षद राठी का कहना है कि प्रतिमा स्थापना से नई पीढ़ी को बस्तर के गौरवशाली इतिहास और बलिराम कश्यप के संघर्षमय जीवन से प्रेरणा मिलेगी। यह कदम न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगा, बल्कि समाज में एकता और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करेगा।
अब देखना होगा कि नगर पालिका इस जनभावना से जुड़े प्रस्ताव पर कितनी जल्दी निर्णय लेती है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




