मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुकमा के दुर्गम गांवों तक पहुंची पक्की सड़क, पोलमपल्ली-अरलमपल्ली मार्ग बना विकास की नई पहचान
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – कभी नक्सल प्रभाव और दुर्गम रास्तों के कारण विकास से दूर रहे सुकमा जिले के गांव अब तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में रोड कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर अब ज़मीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पोलमपल्ली से अरलमपल्ली तक करीब 7 किलोमीटर लंबी पक्की डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना पर 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है और कार्य अब अंतिम चरण में है। सड़क बनते ही कोंटा मुख्यालय की दूरी लगभग 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगी
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ:
इस सड़क से डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा, एंटापाड़, बुर्कलंका, पालाचलमा और गट्टापाड़ जैसे पहले नक्सल प्रभावित रहे गांव सीधे जुड़ेंगे। जहां पहले आवागमन बेहद कठिन था, वहीं अब लोगों के लिए सफर आसान और सुरक्षित हो रहा है।
विकास के नए रास्ते खुलेंगे:
सड़क निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, बिजली और रोजगार जैसी सुविधाओं की पहुंच अब इन गांवों तक और बेहतर होगी। पुलिस कैम्प की स्थापना और प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।
कलेक्टर का बयान:
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है। यह सड़क ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी और विकास की रोशनी अंतिम छोर तक पहुंचाने में मदद करेगी।
ग्रामीणों की खुशी:
पोलमपल्ली निवासी मड़कम भीमा ने बताया कि पहले कच्चे रास्तों के कारण कोंटा तक पहुंचना मुश्किल था, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से सफर आसान हो गया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
सुकमा के दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में बन रही यह सड़क सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और विकास की नई कहानी है—जहां हजारों चेहरों पर मुस्कान और बेहतर भविष्य की उम्मीद साफ नजर आ रही है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




