आईपीएल 2026 – संजू सैमसन ने अपने आईपीएल करियर का 5वां शतक लगाया, बने प्लेयर ऑफ द मैच

नईदिल्ली, 24 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 33वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहतरीन शतक (101* रन) लगाया। ये इस संस्करण उनके बल्ले से निकला दूसरा शतक रहा। इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 115 रन की पारी खेली थी। यह उनके आईपीएल करियर का कुल 5वां शतक रहा, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 103 रन से जीत दर्ज की।
चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सैमसन सलामी बल्लेबाज के रूप में आए थे। पहले विकेट के लिए उन्होंने रुतुराज गायकवाड़ के साथ 18 गेंदों में 32 रन जोड़े। इसके बाद सरफराज खान के साथ 16 गेंदों में 40 रन की साझेदारी निभाई। डेवाल्ड ब्रेविस के साथ उन्होंने 31 रन और कार्तिक शर्मा के साथ 43 रन जोड़े। उन्होंने 54 गेंदों का सामना कर 101* रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 187.04 की रही।
सैमसन ने इस शतक के साथ ही केएल राहुल की बराबरी कर ली। राहुल के भी आईपीएल में 5 शतक हैं। अब सैमसन आईपीएल में संयुक्त रूप से चौथे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा शतक सिर्फ विराट कोहली (8), जोस बटलर (7) और क्रिस गेल (6) के हैं। सैमसन ने डेविड वार्नर, शुभमन गिल और शेन वॉटसन को पीछे छोड़ दिया है। इन खिलाडिय़ों के आईपीएल में 4-4 शतक हैं।
सैमसन आईपीएल के इतिहास में संयुक्त रूप से चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने कप्तान गायकवाड़, मुरली विजय और शेन वॉटसन की बराबरी कर ली है। इन खिलाडिय़ों ने भी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सबसे ज्यादा 2-2 शतक लगाए थे। चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी माइक हसी, ब्रेडन मैकुलम, सुरेश रैना और अंबाती रायडू ने इस फ्रेंचाइजी के लिए एक-एक शतक अपने नाम किए थे।
सैमसन चेन्नई सुपरकिंग्स के पहले बल्लेबाज बने, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोई शतकीय पारी खेली। इस मुकाबले से पहले सबसे बड़ा स्कोर गायकवाड़ के नाम था। उन्होंने 88* रन की पारी खेली थी। टी-20 क्रिकेट में अब सैमसन के 8 शतक हो गए हैं। उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। अब टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए उनसे ज्यादा शतक सिर्फ कोहली और अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं। इन दोनों के नाम 9-9 शतक हैं।
सैमसन ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 184 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने लगभग 31 की औसत के साथ 4,900 से अधिक रन बना लिए हैं। वह इस लीग में 27 अर्धशतकों के अलावा 5 शतक भी जड़ चुके हैं। आईपीएल में उनके नाम 230 से अधिक छक्के दर्ज हैं। वह 400 से ज्यादा चौके भी लगा चुके हैं। वह चेन्नई सुपरकिंग्स से पहले राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

टॉप स्टोरीज