कोंटा में “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” को मिली रफ्तार, हजारों ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा/कोंटा। दूरस्थ बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” कोंटा ब्लॉक में तेजी से प्रभावी साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में यह अभियान ग्रामीणों के लिए जीवन रक्षक पहल बनकर उभरा है।
45 हजार से अधिक ग्रामीणों की स्क्रीनिंग

अभियान के तहत कोंटा ब्लॉक में 1,13,817 लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 45,019 ग्रामीणों की स्क्रीनिंग पूरी कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सुदूर और पहुंचविहीन इलाकों में जाकर लोगों की जांच कर रही हैं, जिससे ग्रामीणों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
2022 मरीज चिन्हित, 789 को मिला बेहतर उपचार
स्वास्थ्य जांच के दौरान अब तक 2022 मरीज विभिन्न बीमारियों—मलेरिया, टीबी, उच्च रक्तचाप, शुगर, एनीमिया, मुंह का कैंसर और मोतियाबिंद—से ग्रसित पाए गए। इनमें से 789 मरीजों को एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाकर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया। उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित वापस घर भी पहुंचाया गया।
दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं
जिला मुख्यालय से लगभग 230 किलोमीटर दूर बसे गांवों—जीनेलंका, बत्तीगुड़ेम और गोलापल्ली—से मरीजों को चिन्हित कर जिला अस्पताल लाया गया, जहां विशेष रूप से मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें समय पर उपचार मिल पा रहा है।
स्वास्थ्य सेवा का मजबूत मॉडल बन रहा अभियान
प्रशासन की यह पहल बस्तर जैसे दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” न केवल लोगों को बीमारियों से बचाने में मदद कर रहा है, बल्कि उनके भीतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है