मुरतोण्डा स्कूल में साइकिल वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने की बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम हाई स्कूल मुरतोण्डा में मंगलवार को छात्राओं के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धनीराम बारसे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारतमाता एवं मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में श्री बारसे ने शिक्षा के बेहतर वातावरण पर जोर देते हुए स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए स्कूल भवन की बाउंड्रीवाल का निर्माण शीघ्र कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित परिसर में ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकता है।
इसके पश्चात उन्होंने छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी पढ़ाई नियमित और सुगम होगी।

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। श्री बारसे ने सभी छात्राओं से अपने नाम से एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा संयोजक श्री नूपुर वैदिक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री दिलीप पेद्दी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेद्दी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री श्री प्रवीण बारसे, सरपंच मुक्का राम नाग, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ जिला संयोजक एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री प्रदेशी नाग, प्राचार्य अशोक कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में साइकिल वितरण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






