ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय सफलता तक पहुंचे डॉ. समीर रजक
छुईखदान। छुईखदान क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि क्षेत्र के होनहार युवा चिकित्सक डॉ. समीर रजक ने DNB-PDCET 2026 (Obstetrics & Gynaecology) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 177 प्राप्त कर पूरे क्षेत्र, जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
डॉ. समीर रजक की प्रारंभिक एवं हायर सेकेंडरी शिक्षा छुईखदान में ही संपन्न हुई। बचपन से ही मेधावी एवं मेहनती रहे डॉ. रजक ने अपनी लगन और निरंतर परिश्रम के दम पर चिकित्सा क्षेत्र में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके पश्चात उन्होंने छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित चिकित्सा महाविद्यालय Pt. JNM Medical College से MBBS की पढ़ाई पूर्ण की।
वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञता (DGO) की पढ़ाई राजस्थान के पाली जिले से पूर्ण कर उन्होंने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। अब DNB-PDCET 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 177 प्राप्त कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहर और ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उनकी यह उपलब्धि न केवल चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। डॉ. समीर रजक की सफलता से छुईखदान सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।
सेवाभावी संस्था जगन्नाथ सेवा समिति एवं क्षेत्रवासियों की ओर से डॉ. समीर रजक को इस शानदार सफलता हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई है।




