विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने महिलाओं संग किया वट सावित्री पूजन, जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं

 

 

खैरागढ़। जिलेभर में शनिवार को वट सावित्री व्रत और शनि जयंती श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह से ही मंदिरों और वट वृक्षों के आसपास महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने भी क्षेत्र की महिलाओं के साथ श्रद्धापूर्वक वट सावित्री व्रत का पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। विधायक के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी और पूजा सम्पन्न की। जिले के खैरागढ़, छुईखदान, गंडई सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने व्रत रखकर धार्मिक अनुष्ठान किए। कई स्थानों पर सामूहिक पूजा का आयोजन भी किया गया, जहां महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं शनि जयंती के अवसर पर शनि मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शनिदेव को तेल अर्पित कर सुख-शांति और बाधाओं से मुक्ति की प्रार्थना की। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वट सावित्री व्रत और शनि जयंती भारतीय संस्कृति, आस्था और पारिवारिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और पारिवारिक एकता को मजबूत करते हैं। विधायक ने महिलाओं की श्रद्धा और समर्पण की सराहना करते हुए जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजनों के चलते जिलेभर का माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा, वहीं बाजारों में पूजा सामग्री, फल-फूल और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। प्रशासन और मंदिर समितियों द्वारा भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज