रायपुर। स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 अभियान के तहत नगर निगम रायपुर के जोन-1 क्षेत्र में खमतराई स्थित जोन कार्यालय परिसर में नए स्वरूप वाले आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) सेंटर का शुभारंभ किया गया। महापौर मीनल चौबे ने स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू और पार्षदों की मौजूदगी में सेंटर का लोकार्पण किया।
महापौर ने कहा कि आरआरआर सेंटर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण अवधारणा है, जो कचरे को कम करने, वस्तुओं के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नागरिकों से अपने घरों में अनुपयोगी पड़ी वस्तुएं आरआरआर सेंटर में जमा कराने की अपील की।
घर-घर पहुंचेगा ई-वाहन
नगर निगम ने सेंटर के लिए एक ई-बैटरी वाहन भी उपलब्ध कराया है, जो जोन-1 के सातों वार्डों में जाकर नागरिकों के घरों से अनुपयोगी वस्तुओं का संग्रह करेगा। एकत्रित सामग्री को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
आरआरआर सेंटर में महिलाओं के लिए सिलाई मशीन की व्यवस्था की गई है। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ रोजगार से भी जुड़ सकेंगी। सेंटर का संचालन धरोहर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा।
सेंटर में बर्तन बैंक, झोला बैंक और पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, प्लास्टिक सामग्री तथा अन्य उपयोग योग्य वस्तुओं के संग्रह की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मरम्मत योग्य सामग्री को सुधारकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि अनुपयोगी वस्तुओं को रिसाइक्लिंग यूनिट तक भेजा जाएगा।
फूड बैंक भी शुरू, पॉलीथीन के बदले पानी की बोतल
जोन-1 कार्यालय परिसर में फूड बैंक की भी शुरुआत की गई है। महापौर मीनल चौबे ने इसका निरीक्षण कर नागरिकों से अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। विशेष पहल के तहत यदि कोई नागरिक अपने घर से 2 किलो पॉलीथीन लाकर जमा करता है तो उसे तत्काल निःशुल्क पानी की बोतल प्रदान की जाएगी।
महापौर ने कहा कि ऐसी पहलें न केवल स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देंगी, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता का माध्यम भी बनेंगी। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




