रायपुर। तात्यापारा स्थित हांडी तालाब में गंदगी और जलकुंभी फैलने की शिकायत मिलते ही नगर निगम जोन-7 की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया। निगम के स्वास्थ्य विभाग ने तालाब में फैली जलकुंभी को हटाकर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बहाल की।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जोन-7 क्षेत्र के तात्यापारा वार्ड स्थित हांडी तालाब में गंदगी संबंधी जनशिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा और जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया।जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू के मार्गदर्शन में करीब 15 सफाईकर्मियों की विशेष टीम ने तालाब में अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया। सफाई कार्य के बाद तालाब की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार हुआ।नगर निगम ने बताया कि जलकुंभी के कारण तालाब का जल प्रभावित होने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन पर भी असर पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई कर तालाब की सफाई सुनिश्चित की गई।निगम अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्य लगातार किए जा रहे हैं। हांडी तालाब में चलाया गया यह अभियान भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




