महिष ढाबे में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस का छापा, संचालक समेत पांच गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गोबरानवापारा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिष ढाबा पर छापा मारकर ढाबा संचालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब, नकदी, मोबाइल फोन और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम कुर्रा स्थित महिष ढाबा में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना गोबरानवापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने ढाबे में दबिश दी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी और अन्य कर्मचारी ग्राहकों को अवैध रूप से शराब बेचने के साथ ही मौके पर शराब सेवन की सुविधा भी उपलब्ध करा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने 44 अध्धी और एक पौवा देशी मसाला शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 25,060 रुपये नकद, एक लोहे का धारदार बटनदार चाकू तथा घटना से संबंधित पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि ढाबा संचालक से शराब बिक्री और बरामद हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया।कार्रवाई में पुलिस ने टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी, भरत डहरिया, विक्की कुर्रे, धीरज बघेल और अजय साहू को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी गोबरानवापारा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरानवापारा में आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है